अगर आप भी टोल प्लाज़ा पर FASTag होने के बावजूद बार-बार “KYV अपडेट कराइए” सुनकर परेशान हो जाते थे, तो अब राहत की सांस लीजिए. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने FASTag से जुड़ा एक बड़ा और राहत भरा फैसला लिया है.
1 फरवरी 2026 से प्राइवेट वाहनों के लिए नए FASTag जारी होने के बाद होने वाली Know Your Vehicle (KYV) प्रक्रिया को खत्म कर दिया गया है. यानी अब कार, जीप और वैन चालकों को FASTag चालू होने के बाद दोबारा दस्तावेज़, फोटो या वेरिफिकेशन के झंझट से नहीं गुजरना पड़ेगा.
अब नया सिस्टम यह होगा कि FASTag जारी करने से पहले ही बैंक सारी जांच पूरी करेंगे. वाहन की जानकारी सीधे VAHAN डेटाबेस से चेक की जाएगी. अगर टैग सही वाहन से जुड़ा है और किसी तरह की गड़बड़ी नहीं है, तो टोल प्लाज़ा पर गाड़ी बिना रुकावट फर्राटा भरेगी.
हालांकि, अगर किसी मामले में गड़बड़ी, गलत वाहन से टैग जुड़ना, धोखाधड़ी की आशंका या टोल पर विवाद होता है, तभी KYV की जरूरत पड़ सकती है. यानी सामान्य ड्राइवरों को अब बार-बार परेशान नहीं किया जाएगा.
पहले क्या होता था?
कई बार सब कुछ सही होने के बावजूद FASTag सस्पेंड हो जाता था, बैंक के कॉल आते थे और टोल पर बहस करनी पड़ती थी. नए नियम से कागजी झंझट कम होगा, टोल पर लाइनें छोटी होंगी और सफर ज्यादा स्मूथ बनेगा.
ध्यान रहे, यह राहत सिर्फ प्राइवेट वाहनों के लिए है. बस, ट्रक और अन्य कमर्शियल वाहनों पर KYV नियम पहले की तरह लागू रहेंगे।














