_पैरा तीरंदाज स्वामी का कहना था कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार व्यस्त रहने के कारण वे बीपीएड की ट्रेनिंग नहीं कर पाए, बीकानेर के पैरा तीरंदाज श्यामसुंदर स्वामी_
बीकानेर। दो बार पैरा ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता पैरा तीरंदाज श्यामसुंदर स्वामी को शिक्षा विभाग ने नौकरी से हटा दिया है। विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने के बाद राज्य सरकार ने 5 साल पहले उन्हें आउट ऑफ टर्न पॉलिसी के तहत शिक्षा विभाग में शारीरिक शिक्षक ग्रेड थर्ड के पद पर नियुक्ति दी थी. नवंबर में बीकानेर की बीएसएफ स्कूल से उन्हें सेवा से पृथक किया गया। विभाग ने 5 साल में बीपीएड ट्रेनिंग पूरी नहीं करने का हवाला देते हुए सेवाएं समाप्त करने का आदेश जारी किया है।श्यामसुंदर को नियुक्ति देते समय उन्हें 5 साल के भीतर पीटीआई ट्रेनिंग करने की शर्त दी गई थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार व्यस्त रहने पर वे ट्रेनिंग पूरी नहीं कर पाए। श्यामसुंदर ने बताया कि वे लगातार प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं और दिव्यांग खिलाड़ी हूं। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि 5 साल के भीतर ट्रेनिंग करने वाला नियम नहीं होना चाहिए, क्योंकि बीपीएड ट्रेनिंग के दौरान खेल के लिए अभ्यास का समय नहीं मिलता।
*शिक्षा विभाग ने कहा शर्तें पूरी नहीं की* मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामगोपाल शर्मा ने बताया कि श्यामसुंदर स्वामी को जिस समय नियुक्ति दी गई थी, उस समय कुछ शर्तें निर्धारित की गई थीं। उन्हें शारीरिक शिक्षक ग्रेड थर्ड के पद पर नियुक्त किया गया था और इसके लिए बीपीएड की ट्रेनिंग पूरी करना अनिवार्य था। नियुक्ति के दौरान ही यह स्पष्ट किया गया था कि निर्धारित समयावधि में संबंधित योग्यता प्राप्त करनी होगी। नियुक्ति पत्र में उल्लेखित शर्तों की पालना करना आवश्यक था। निर्धारित पांच साल की अवधि में बीपीएड ट्रेनिंग पूरी नहीं किए जाने के कारण विभाग ने उच्च अधिकारियों से मार्गदर्शन लिया। उच्च अधिकारियों से मिले मार्गदर्शन और नियुक्ति संबंधी नियमों के आधार पर उन्हें राजकीय सेवा से पृथक करने की कार्रवाई की गई है।
*पैरा खिलाड़ी के सामने व्यावहारिक चुनौती* यह मामला अब इस सवाल को भी सामने ला रहा है कि क्या पैरा खिलाड़ियों की विशेष शारीरिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए नियुक्ति और प्रशिक्षण संबंधी नियमों में कोई व्यावहारिक विकल्प उपलब्ध कराया जा सकता है। क्या बीपीएड ट्रेनिंग के लिए विशेष व्यवस्था या वैकल्पिक योग्यता का प्रावधान संभव है. शिक्षा विभाग ने नियुक्ति पत्र में निर्धारित शर्तों की पालना नहीं होने को कार्रवाई का आधार बताया है।













