व्यावसायिक गैस सिलेंडर वितरण में अनियमितता पर बड़ी कार्रवाई, भारत गैस एजेंसी का गोदाम सीज

जयपुर/जैसलमेर जिले में व्यावसायिक एलपीजी गैस सिलेंडरों के वितरण में अनियमितता पाए जाने पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए सायरा होटल के सामने स्थित जैसलमेर भारत गैस एजेंसी के गोदाम को सीज कर दिया। यह कार्रवाई जिला कलक्टर के निर्देशानुसार जिला रसद विभाग की टीम द्वारा औचक निरीक्षण के दौरान की गई। निरीक्षण के दौरान टीम को व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के वितरण में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। जांच में सामने आया कि एजेंसी द्वारा राज्य सरकार के निर्देशों की अवहेलना करते हुए जिला प्रशासन की पूर्व अनुमति के बिना ही व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही थी।इसके अलावा रिकॉर्ड संधारण, उपभोक्ताओं का विवरण तथा गेट पास से संबंधित दस्तावेजों में भी कई खामियां और अनियमितताएं पाई गईं।

अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए जांच दल ने मौके पर ही गोदाम को सीज कर दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच दल में जिला रसद अधिकारी रामसिंह मीणा, प्रवर्तन अधिकारी मुरारी लाल तथा प्रवर्तन निरीक्षक खेतेन्द्र सिंह चौधरी शामिल रहे। जिला रसद अधिकारी रामसिंह मीणा ने बताया कि जिले में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का वितरण अब जिला प्रशासन की अनुमति एवं निर्देशन में ही किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं की बुकिंग के अनुसार नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है।उन्होंने कहा कि गैस वितरण व्यवस्था पर जिला प्रशासन की लगातार निगरानी बनी हुई है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें