विश्व विख्यात चमत्कारी श्री कोडमदेसर भैरवनाथ जी मंदिर बीकानेरवासियों की आस्था, श्रद्धा एवं विश्वास का सबसे बड़ा केंद्र है। सदियों से बीकानेर शहर के रक्षक के रूप में पूजे जाने वाले बाबा भैरवनाथ जी हर बीकानेरवासी के हृदय में विराजमान हैं। लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस पावन तीर्थ स्थल पर स्थित ऐतिहासिक सरोवर के जीर्णोद्धार, सफाई एवं संरक्षण हेतु कम्युनिटी वेलफेयर सोसायटी द्वारा जनसहयोग अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।
संस्था के संरक्षक राजकुमार किराडू के नेतृत्व में अभियान को लगातार गति दी जा रही है। अभियान के अंतर्गत तालाब की सफाई, मिट्टी निकालने, जर्जर एवं क्षतिग्रस्त दीवारों के जीर्णोद्धार तथा पशु-पक्षियों के लिए निरंतर पेयजल व्यवस्था बनाए रखने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
आज का जनसहयोग कार्यक्रम भगवान भैरवनाथ जी के पवित्र प्रांगण में आयोजित किया गया, जहां कोडमदेसर पहुंचने वाले प्रत्येक श्रद्धालु एवं भैरव भक्त को इस अभियान से जुड़ने और अपनी श्रद्धानुसार अंशदान देने के लिए प्रेरित किया गया। श्रद्धालुओं को बताया गया कि यह केवल तालाब का जीर्णोद्धार नहीं, बल्कि बीकानेर की आस्था, संस्कृति और धार्मिक धरोहर को संरक्षित करने का सामूहिक महायज्ञ है।
संस्था अध्यक्ष कन्हैयालाल भाटी ने कहा कि बाबा भैरवनाथ जी का यह पावन धाम सदैव बीकानेरवासियों की श्रद्धा और सुरक्षा का केंद्र रहा है तथा अब समय आ गया है कि हर बीकानेरवासी तन, मन और धन से इस पुण्य कार्य में अपनी सहभागिता निभाए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अपनी श्रद्धा एवं क्षमता अनुसार अंशदान देकर इस महायज्ञ में आहुति दे सकता है।
अभियान में बड़ी संख्या में भैरव भक्त, समाजसेवी एवं युवा कार्यकर्ता सेवा भाव से जुड़े हुए हैं। आज के अभियान में दीपक सोलंकी, भाया महाराज, भगवान गहलोत, रामेश्वर गहलोत, मूलचंद गहलोत, अंशुल गहलोत, मुरली पंवार, मनोज सेवग, भीमराज सेवग, रोहन मोदी, जयप्रकाश पारीक, विकास रंगा, अभिमन्यु स्वामी, शुभम छंगाणी, शुभम सुथार, राधे छंगाणी, नवल पारीक, देवरतन जोशी एवं किशन किराडू सहित अनेक भैरव भक्तों एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।













