बीकानेर, 01 अक्टूबर। राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित एवं निस्तारित प्रकरणों की समीक्षा को लेकर जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन की अध्यक्षता में 5 अक्टूबर को प्रात : 11 बजे जिला कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की जाएगी।
लोक सेवाएं, प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग की सहायक निदेशक श्रीमती सुमन शर्मा ने बताया कि बैठक में जिले के समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों, उपखंड स्तरीय अधिकारियों, तहसीलदारों, विकास अधिकारियों एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि बैठक में राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनका निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करने पर चर्चा होगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रकरणों के निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट के साथ बैठक में उपस्थित हों।
निर्देशों के अनुसार कोई भी प्रकरण सात दिवस से अधिक समय तक लंबित नहीं रखा जाए। निर्धारित समय पर प्रकरणों का निस्तारण नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी।














