November 16, 2026 7:50 am

महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ के 60 विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों का दल तिब्बती समुदाय के समाजशास्त्रीय सर्वेक्षण हेतु धर्मशाला रवाना

 

 

बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ के 60 विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों के दल को धर्मशाला (मैक्लॉडगंज) में समाजशास्त्रीय सर्वेक्षण के लिए बीकानेर रेलवे स्टेशन से स्कूल का लॉ के डायरेक्टर प्रभु दान चारण ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर स्कूल ऑफ लॉ के डायरेक्टर डॉ. प्रभुदान चारण ने कहा कि निश्चित रूप से विद्यार्थियों द्वारा किया जाने वाला यह समाजशास्त्रीय सर्वेक्षण नए सामाजिक आयाम स्थापित करने में अत्यंत कारगर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि विधिक शिक्षा के विद्यार्थियों के लिए समाज के विभिन्न वर्गों की ज़मीनी वास्तविकताओं और व्यावहारिक चुनौतियों को समझना बेहद आवश्यक है।

यह अध्ययन एवं सर्वेक्षण समाजशास्त्री डॉ. सीमा जैन के निर्देशन में संपन्न हो रहा है। यात्रा की रवानगी के अवसर पर सर्वेक्षण निर्देशक डॉ. सीमा जैन ने कहा कि यह शैक्षणिक सर्वेक्षण विद्यार्थियों को कक्षा के सिद्धांतवादी दायरे से बाहर निकालकर सामाजिक अनुसंधान और सर्वेक्षण की व्यावहारिक पद्धतियों से जोड़ेगा। धर्मशाला के मैक्लॉडगंज में तिब्बती समुदाय के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिवेश का प्रत्यक्ष अध्ययन विद्यार्थियों के विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण को समृद्ध करेगा और उन्हें समाज के संवेदनशील मुद्दों को गहराई से समझने का अवसर प्रदान करेगा।

इस सर्वेक्षण दल में सहायक निर्देशक के तौर पर डॉ. दुर्गा चौधरी, डॉ. अमित व्यास, डॉ. सुमन आरा, डॉ. दया प्रजापति और संकाय सदस्य आयुष शर्मा साथ रहकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।

सर्वेक्षण के दौरान विद्यार्थी मैक्लॉडगंज में निवासरत तिब्बती समुदाय के जीवन स्तर, आजीविका, सांस्कृतिक संरक्षण और उनकी समसामयिक सामाजिक-राजनीतिक चुनौतियों पर विस्तृत अध्ययन व डेटा संकलन करेंगे। रवानगी के अवसर पर विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, शोधार्थी और विद्यार्थियों के परिजन उपस्थित रहे तथा दल को इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक कार्य हेतु शुभकामनाएं दीं।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें