राजस्थान-2 दिन बारिश की चेतावनी, जैसलमेर में पहली मावठ:कोहरे के कारण मेगा हाईवे पर बोलेरो गड्ढे में गिरी, न्यू ईयर की सुबह 18 जिलों में अलर्ट
जयपुर
राजस्थान में आज और कल बारिश की चेतावनी के बीच जैसलमेर में बुधवार सुबह सीजन की पहली मावठ हुई। बुधवार को बीकानेर, फलोदी, गंगानगर के एरिया में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
वहीं, सीकर, अलवर, जयपुर सहित 10 से ज्यादा जिलों में घना कोहरा रहा। यहां विजिबिलिटी भी 50 मीटर के करीब रही। शीतलहर के कारण ठिठुरन बढ़ गई है।
1 जनवरी से प्रदेश में घने कोहरे का दौर शुरू होगा, जो अगले 2-3 दिन जारी रहने की संभावना है। 1 जनवरी को 18 जिलों में कोहरे का अलर्ट है।
करौली के टोडाभीम में पाडला पावर हाउस के पास मेगा हाईवे पर बुधवार सुबह 6.30 बजे कोहरे के कारण बोलेरो अनियंत्रित हो गई। ड्राइवर अशोक ने बताया- वह मालाखेड़ा से पदमपुरा गांव जा रहा था। सुबह कोहरे के कारण घुमाव में दिखाई नहीं दिया और बोलेरो सड़क से उतरकर गड्ढे में चली गई। ड्राइवर पूरी तरह सुरक्षित है। अलवर में लगातार तीसरे दिन घना कोहरा छाया है। विजिबिलिटी 50 मीटर तक है। आज न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज हुआ है।
बारिश से होगी नए साल की शुरुआत
राजस्थान के 5 से ज्यादा जिलों में 31 दिसंबर और एक जनवरी को हल्की बारिश का अलर्ट है। बॉर्डर एरिया वाले जैसलमेर, श्रीगंगानगर सहित कई जिलों बारिश न्यू ईयर सेलिब्रेशन को बिगाड़ सकती है।
जैसलमेर में सीजन की पहली मावठ भी आज सुबह हुई। वहीं, जयपुर, अलवर, दौसा व आसपास के एरिया में बुधवार सुबह से हल्के बादल छाए हुए हैं।
वहीं, सीकर, जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर में बुधवार सुबह भी कोहरा रहा। कई एरिया में विजिबिलिटी घटने से लोगों को परेशानी हुई।
दिन भी ठंडक, पारा 30 डिग्री से नीचे
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के पूर्वी-उत्तरी हिस्सों के कुछ जिलों में हल्का कोहरा रहा। हालांकि सर्द हवाएं कमजोर होने से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई।
फतेहपुर (सीकर) में लगातार बादल छाए रहने से मौसम का मिजाज बदल गया है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मंगलवार के 3.4 डिग्री सेल्सियस से 3.0 डिग्री अधिक है।
राजस्थान में भले ही अधिकांश शहरों में मंगलवार को धूप रही, लेकिन ठंडक तेज होने से यहां तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस चित्तौड़गढ़ में दर्ज हुआ। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 28.2, जैसलमेर में 27.6 और जयपुर में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।














