अमेरिका और इजरायल के साथ जारी तनाव के बीच ईरानी नौसेना का एक युद्धपोत आइरिस डेना श्रीलंका के समुद्री क्षेत्र के पास डूबने की कगार पर पहुंच गया। श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिथा हेराथ ने संसद में जानकारी देते हुए बताया कि श्रीलंकाई नौसेना ने उसके जलक्षेत्र में डूब रहे ईरानी जहाज पर सवार 30 लोगों को सुरक्षित बचा लिया है।
इससे पहले रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया था कि ईरानी जहाज की ओर से आपातकालीन संदेश भेजा गया था। इसके बाद श्रीलंकाई नौसेना ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।
विदेश मंत्री के अनुसार, यह जहाज बुधवार सुबह द्वीपीय देश के जलक्षेत्र के ठीक बाहर संकट में था। जहाज के डूबने की वजह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी है। घायल नाविकों को दक्षिण श्रीलंका के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।सूत्रों के मुताबिक, लगभग 180 क्रू मेंबर वाले इस ईरानी फ्रिगेट ने सुबह-सुबह मदद की गुहार लगाई थी।
*अभी जहाज की क्या स्थिति है?*
ताज़ा जानकारी के अनुसार जहाज पूरी तरह नहीं डूबा है, लेकिन वह गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हालत में समुद्र में अस्थिर स्थिति में है। श्रीलंकाई नौसेना निगरानी बनाए हुए है और आगे की कार्रवाई मौसम और समुद्री हालात को देखते हुए तय की जाएगी। शेष क्रू की सुरक्षा और संभावित निकासी पर भी काम जारी है।













