July 20, 2026 9:17 pm

जयपुर: प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ गिरे ओले, आज इन इलाकों में IMD का अलर्ट

*जयपुर:* राज्य में गुरुवार को कहीं कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई. राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान चितौडगढ़ में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बीते 24 घंटों के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला. मौसम विज्ञान विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार कई जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हुई है.

 

पूर्वी राजस्थान में तापमान में गिरावट का असर साफ दिखाई दिया. जयपुर में अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री रहा. अजमेर में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री और भीलवाड़ा में 32 डिग्री दर्ज किया गया. चित्तौड़गढ़ में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि अलवर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री तक गिर गया.

 

*न्यूनतम तापमान की बात करें, तो सिरोही में सबसे कम 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया:*

 

इसके अलावा श्रीगंगानगर में 14.7, बीकानेर में 15.8 और फतेहपुर में 17 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री तक कम दर्ज किया गया, जिससे सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है.

 

*इन इलाकों में बरसे मेघ:*

 

राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. इससे मौसम में बदलाव महसूस किया गया. आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक वर्षा पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर में 22 मिमी रिकॉर्ड की गई, जबकि अलवर में 16 मिमी और जयपुर में 13 मिमी बारिश हुई. अजमेर में 12 मिमी और सीकर में 7 मिमी वर्षा दर्ज की गई. भीलवाड़ा, चूरू और पिलानी में 5-5 मिमी बारिश हुई, जबकि उदयपुर में 3 मिमी और चित्तौड़गढ़ और श्रीगंगानगर में 1-1 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. वहीं बाड़मेर में 0.4 मिमी बारिश हुई, जबकि जोधपुर में नामात्र बारिश दर्ज की गई. इस बारिश से तापमान में हल्की गिरावट आई है. कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया. इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई.

 

*पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव बदलाव:*

 

मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हुआ है. इससे प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहे, तेज हवाएं चलीं और कहीं-कहीं बारिश हुई. इसके चलते अधिकतम तापमान में 3 से 10 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि इसके बाद मौसम धीरे-धीरे शुष्क हो सकता है. कुल मिलाकर राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से गर्मी पर अस्थायी ब्रेक लगा है, जिससे लोगों को राहत मिली है, हालांकि किसानों के लिए यह बदलाव मिश्रित प्रभाव लेकर आया है.

 

*आज इन इलाकों में रहेगा अलर्ट:*

 

मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार 20 मार्च को अजमेर, अलवर , बारां , भरतपुर , भीलवाड़ा , बूंदी , चित्तौड़गढ़ , दौसा , डीग , धौलपुर , जयपुर , झालावाड़, झुंझुनू, करौली , खैरथल-तिजारा , कोटा , कोटपुतली-बहरोड , सवाई माधोपुर , सीकर और टोंक जिले में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन सभी जिलों में बिजली चमकने के साथ तेज रफ्तार हवाओं के बीच मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

 

*22 मार्च को शेखावाटी में फिर बदलेगा मौसम:*

 

मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में गुरुवार से एक्टिव हुए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर के कारण राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है. जिसके कारण बीते 24 घंटों में राज्य के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश दर्ज हुई है. आंधी बारिश के असर से अधिकतम तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है. वर्तमान में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है. राज्य में 21 मार्च को मौसम शुष्क रहने और 22 मार्च को फिर से बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है.

 

*धौलपुर में फसलों को नुकसान:*

 

उधर, आईएमडी के अलर्ट के बाद धौलपुर जिले में गुरुवार देर रात मौसम का मिजाज बदला. देर रात बूंदाबांदी के बाद बरसात का दौर शुरू हो गया. रुक-रुक कर बारिश और हल्की ओलावृष्टि से सरसों, गेहूं, चना, मटर एवं आलू की फसलों को नुकसान का खतरा पैदा हो गया. किसानों ने बताया कि बेमौसम बारिश से रबी की सभी फसलों में 25 फीसदी तक का नुकसान है.

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें