April 7, 2026 4:43 am

​भीषण गर्मी में स्कूली बच्चों को मिली राहत: फोटोग्राफर वेलफेयर एसोसिएशन ने सरकारी स्कूल को भेंट किए 12 वॉटर कैंपर

​कोटा, 27 मार्च।

प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए स्कूली बच्चों को राहत पहुंचाने के लिए ‘फोटोग्राफर वेलफेयर एसोसिएशन, राजस्थान’ ने एक सराहनीय कदम उठाया है। संस्था की ओर से बुधवार को काकर दौलतगंज स्थित सरकारी विद्यालय के प्रशासन को 12 वॉटर कैंपर भेंट किए गए, ताकि बच्चों और शिक्षकों को गर्मी के इस मौसम में शीतल जल उपलब्ध हो सके।

​पानी की भारी किल्लत से जूझ रहा था विद्यालय

जानकारी के अनुसार, इस सरकारी विद्यालय में लंबे समय से पीने के पानी की गंभीर समस्या बनी हुई थी। स्कूल में नल से पानी समय पर नहीं आता है और बोरिंग का पानी भी खारा होने के कारण पीने योग्य नहीं रहा है। विद्यालय में सुबह के समय केवल एक बार पानी के टैंकर से सप्लाई होती है, जो पूरे दिन के लिए नाकाफी साबित हो रही थी। गर्मी बढ़ने के साथ ही बच्चों की परेशानी भी बढ़ने लगी थी। इस समस्या को संज्ञान में लेते हुए एसोसिएशन ने कैंपर की व्यवस्था करने का निर्णय लिया।

​शिक्षक ने पेश की मिसाल, ली रोजाना पानी भरवाने की जिम्मेदारी

कैंपर भेंट करने के बाद सबसे बड़ी चुनौती इनमें रोजाना स्वच्छ और ठंडा पानी भरवाने की थी। इस समस्या का समाधान विद्यालय के ही एक अध्यापक ने निकाला। दरअसल, अध्यापक के बेटे का पानी का प्लांट है। ऐसे में उन्होंने स्वेच्छा से यह जिम्मेदारी अपने ऊपर ली है कि वे प्रतिदिन इन कैंपरों में बच्चों के लिए शीतल जल भरवाएंगे।

​फोटोग्राफर वेलफेयर एसोसिएशन की इस पहल और अध्यापक के इस नेक कदम की बदौलत अब स्कूल के सभी बच्चों और स्टाफ को रोजाना स्वच्छ और शीतल जल उपलब्ध हो सकेगा। संस्था के सदस्यों ने बताया कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए यह उनका एक छोटा सा प्रयास है, ताकि बच्चों को प्यासा न रहना पड़े।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें