July 21, 2026 10:47 am

तीन पेट्रोल पंपों की जांच, एक पंप पर अनियमितता मिलने पर कार्रवाई

*जिले के पेट्रोल पंपों पर विधिक माप विज्ञान विभाग का सघन निरीक्षण अभियान*

 

बीकानेर, 13 मई। उपभोक्ता मामले विभाग के विधिक माप विज्ञान प्रकोष्ठ की जयपुर से आई टीम ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार बुधवार को जिला मुख्यालय के पेट्रोल पंपों पर विशेष सघन निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के तहत विशेष जांच दल द्वारा कुल तीन पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया गया।

 

विधिक माप विज्ञान अधिकारी श्री देवकी नंदन ने बताया कि समता नगर स्थित संजय सिटी फिलिंग कंपनी में जांच के दौरान तीन नोजलों में डिलीवरी मात्रा अनुज्ञा सीमा से कम पाई गई। इस पर विधिक माप विज्ञान अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज करते हुए संबंधित नोजलों को नियमानुसार बंद कर आगामी कार्रवाई प्रारंभ की गई।

 

विधिक माप विज्ञान अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कृष्णा डीज़ल, पूगल रोड पर सत्यापन प्रमाण पत्र प्रदर्शित नहीं पाए गए। वहीं अग्रसेन पेट्रोलियम, करणी रीको में अन्य सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गईं तथा परिणाम संतोषजनक रहे।

श्री देवकीनंदन ने बताया कि निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पेट्रोल पंपों द्वारा उपभोक्ताओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सही मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करना है। विभाग के अनुसार यह निरीक्षण अभियान उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने तथा आमजन में विधिक माप विज्ञान नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित किया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें