
विश्व विख्यात चमत्कारी श्री कोडमदेसर भैरवनाथ जी मंदिर बीकानेरवासियों की आस्था, श्रद्धा एवं विश्वास का प्रमुख केंद्र है। मंदिर परिसर स्थित ऐतिहासिक पवित्र सरोवर के जीर्णोद्धार एवं सफाई हेतु कम्युनिटी वेलफेयर सोसायटी द्वारा जनसहयोग से अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।
संस्था के संरक्षक राजकुमार किराडू के नेतृत्व में अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। जन सहभागिता के उद्देश्य से आज बीकानेर विकास प्राधिकरण कार्यालय पहुंचकर आमजन एवं अधिकारियों से इस पुण्य कार्य में अपना अंशदान देने की अपील की गई। अभियान के अंतर्गत तालाब की सफाई, मिट्टी निकालने, पशु-पक्षियों के लिए निरंतर पेयजल व्यवस्था बनाए रखने तथा तालाब की जर्जर एवं क्षतिग्रस्त दीवारों के जीर्णोद्धार का कार्य लगातार जारी है।
संस्था के अध्यक्ष कन्हैयालाल भाटी ने बताया कि यह केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि बीकानेर की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित करने का सामूहिक प्रयास है। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों एवं भैरव भक्तों द्वारा तन, मन और धन से लगातार सहयोग किया जा रहा है तथा बीकानेर के एक-एक घर तक इस अभियान का संदेश पहुंचाया जाएगा।
आज के अभियान में अनिल हर्ष , अरुण आचार्य , राहुल आचार्य , राम चंद्र ओझा , अनंत श्रीमाली, मुकुंद व्यास, गिरिराज व्यास , बसंत ओझा , अभिमन्यु स्वामी , अनिल आचार्य ,किशन किराडू सहित अनेक कार्यकर्ताओं एवं भैरव भक्तों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। संस्था ने इन सभी सहयोगियों एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे समर्पित लोगों के सहयोग से ही यह पुण्य अभियान जनआंदोलन का रूप ले रहा है।
कम्युनिटी वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों ने बीकानेर के आमजन से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग इस पुण्य कार्य से जुड़ें तथा श्रमदान, आर्थिक सहयोग एवं संसाधनों के माध्यम से अपनी सहभागिता निभाएं, ताकि भगवान भैरवनाथ जी के इस ऐतिहासिक एवं पवित्र सरोवर का पुनर्जीवन जनसहयोग से संभव हो सके।













