देशनोक / बीकानेर।
मानवता और जनसेवा की एक भावुक व प्रेरणादायी मिसाल पेश करते हुए देशनोक नगर पालिका प्रशासन और सेवाभावी संस्थाओं के त्वरित प्रयास से एक असहाय एवं बेसहारा प्रभुजी को नया जीवन प्रदान करने की दिशा में सराहनीय कदम उठाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देशनोक रेलवे स्टेशन परिसर में पिछले कुछ दिनों से एक असहाय, लावारिस एवं अर्धनग्न अवस्था में वृद्ध ‘प्रभुजी’ अशक्त स्थिति में जीवन-यापन कर रहे थे। स्टेशन पर उपस्थित सजग सुभाष जी की नजर जब इन पीड़ित प्रभुजी पर पड़ी, तो उन्होंने स्थिति की संवेदनशीलता को समझते हुए तुरंत इसकी सूचना देशनोक नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री ओम प्रकाश जी मूंधड़ा को दी।
सूचना मिलते ही उपाध्यक्ष श्री मूंधड़ा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल ‘अपना घर सेवा आश्रम, नोखा’ से संपर्क किया और पीड़ित व्यक्ति की सहायता हेतु अविलंब एम्बुलेंस भेजने का आग्रह किया। इस मानवीय आग्रह पर आश्रम के सुपरवाइजर श्री उमेद सिंह जी ने बिना किसी विलंब के त्वरित कार्रवाई करते हुए आश्रम के समर्पित कार्यकर्ताओं—श्री विकास जी एवं श्री पवन जी—को एम्बुलेंस के साथ देशनोक के लिए रवाना किया।
आश्रम की टीम ने देशनोक रेलवे स्टेशन पहुँचकर अत्यंत आदर एवं आत्मीयता के साथ प्रभुजी का रेस्क्यू किया और उन्हें सुरक्षित नोखा स्थित अपना घर आश्रम पहुंचाया।
अपना घर आश्रम प्रबंधन ने जानकारी देते हुए बताया कि आश्रम पहुँचने के पश्चात प्रभुजी की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए उन्हें स्नान कराया गया तथा नए वस्त्र एवं पौष्टिक भोजन प्रदान किया गया। इसके उपरांत चिकित्सकों द्वारा उनकी संपूर्ण शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य जाँच की गई तथा आवश्यक दवाइयाँ एवं उपचार प्रारंभ कर दिया गया है।
आश्रम प्रशासन ने व्यक्त किया कि स्वास्थ्य में सुधार होने के पश्चात प्रभुजी से संवाद स्थापित कर उनके घर एवं परिजनों का पता लगाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। संस्था की सर्वोच्च प्राथमिकता यह है कि प्रभुजी पूर्णतः स्वस्थ होकर पुनः अपने परिवार के बीच पहुँचें और अपने परिजनों के साथ सुखद एवं सम्मानित जीवन व्यतीत कर सकें।
नगर पालिका उपाध्यक्ष ओम प्रकाश मूंधड़ा तथा स्थानीय निवासियों ने अपना घर आश्रम संस्था और उनकी समर्पित टीम के इस त्वरित एवं सराहनीय कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।














