श्रीकोलायत। श्रीकोलायत क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व प्रधान रघुनाथ सिंह भाटी का निधन हो गया। वे पूर्व मंत्री एवं श्रीकोलायत के पूर्व विधायक भंवर सिंह भाटी के पिता थे। उनके निधन की खबर से श्रीकोलायत सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।
रघुनाथ सिंह भाटी ने अपने लंबे राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में आमजन के बीच रहकर अपनी अलग पहचान बनाई। ग्रामीणों के सुख-दुख में सहभागी बनने और क्षेत्र की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए उन्हें जाना जाता था।
हंदा सरपंच से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
रघुनाथ सिंह भाटी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत ग्राम पंचायत हंदा के सरपंच के रूप में की थी। गांव की चौपाल से शुरू हुआ उनका सफर आगे बढ़ते हुए श्रीकोलायत पंचायत समिति के प्रधान पद तक पहुंचा। ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं और आमजन से सीधे जुड़ाव के कारण उनकी पहचान एक जमीनी नेता के रूप में बनी।
जन-जन के बीच बनाई अलग पहचान
रघुनाथ सिंह भाटी का राजनीतिक जीवन केवल पदों तक सीमित नहीं रहा। वे लगातार आमजन के संपर्क में रहे और जरूरतमंदों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे। उनकी सहज एवं सरल कार्यशैली के चलते क्षेत्र के लोगों से उनका गहरा जुड़ाव रहा।
उनके निधन से श्रीकोलायत क्षेत्र ने एक वरिष्ठ सामाजिक एवं राजनीतिक व्यक्तित्व को खो दिया। उनके निधन पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।














