देवस्थान विभाग द्वारा राजस्थान के 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को रेल यात्रा से भारत के 15 तीर्थ स्थलों एवं हवाई यात्रा के माध्यम से पशुपतिनाथ काठमांडू नेपाल की निशुल्क यात्रा के लिए आवेदन 10 जून, 2026 तक आमंत्रित किए जा रहे हैं। आवेदन पोर्टल edevasthan2.rajasthan.gov.in एवं विभाग की वेबसाइट devasthan.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध लिंक पर क्लिक करके भरे जा सकते हैं। आवेदक स्वयं या ईमित्र से भी आवेदन कर सकता है।
देवस्थान सहायक आयुक्त गौरव सोनी ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए रेल से 50000 तथा हवाई से 6000 कुल 56000 यात्रियों को यात्रा कराई जाएगी। आवेदन करने के लिए आवेदक की उम्र 60 वर्ष या इससे अधिक होनी चाहिए। इसी के साथ राजस्थान का मूल निवासी होना चाहिए, आयकर दाता नहीं होना चाहिए, पूर्व में इस योजना का लाभ नहीं लिया हो तथा यात्रा करने के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से सक्षम होना चाहिए। सहायक आयुक्त सोनी द्वारा यात्रा के सफल संचालन हेतु कार्यालय स्तर पर निरीक्षक सोनिया रंग, यात्रा शाखा प्रभारी महेश कुमार शर्मा, गोपाल आचार्य, रितेश श्रीमाली, अनसुइया शर्मा की टीम गठित की गई है।













