कोटा: समाज में सकारात्मक बदलाव और सेवा की भावना को एक नए स्तर पर ले जाते हुए, कोटा वेडिंग इंडस्ट्री ने एक ऐतिहासिक और सराहनीय संकल्प लिया है। हाल ही में फोटोग्राफर एसोसिएशन द्वारा सामूहिक निःशुल्क विवाह सम्मेलन की घोषणा की गई थी। इसके बाद कोटा वेडिंग इंडस्ट्रीज के सभी सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि 11 कन्याओं की ‘डेस्टिनेशन वेडिंग’ पूरी तरह से निःशुल्क करवाई जाएगी।
रॉयल वेडिंग की तर्ज पर होंगे सारे आयोजन
इस डेस्टिनेशन वेडिंग में किसी भी शाही शादी की तरह ही भव्यता देखने को मिलेगी। आयोजन में हल्दी, मेहंदी, संगीत से लेकर शानदार रिसेप्शन तक की सभी रस्में पूरे उत्सव के माहौल में संपन्न की जाएंगी। सबसे खास बात यह है कि यह पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। बैठक के दौरान वेडिंग इंडस्ट्री के सभी सदस्यों और पदाधिकारियों ने इस पुनीत कार्य के लिए अपनी-अपनी सहमति दी और पूर्ण समर्थन व्यक्त किया।
पर्यटन और डेस्टिनेशन वेडिंग को लगेंगे पंख
इस तरह का भव्य आयोजन कोटा के लिए एक मील का पत्थर साबित हो सकता है। यह न केवल प्रदेश, बल्कि देश-विदेश के लोगों और पर्यटकों का ध्यान कोटा की ओर आकर्षित करेगा। इससे कोटा एक प्रमुख ‘डेस्टिनेशन वेडिंग हब’ के रूप में उभरेगा, जिसका सीधा फायदा पूरे राजस्थान की वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े सभी व्यवसायियों और कामगारों को मिलेगा।
पदाधिकारियों और प्रदीप तिवारी का हुआ सम्मान
इस खास मौके पर संस्था की ओर से आए हुए संगठन के प्रमुख लोगों का भव्य स्वागत किया गया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से फोटोग्राफर वेलफेयर एसोसिएशन राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप तिवारी का भी सम्मान किया गया। इस अवसर पर प्रदीप तिवारी ने भी अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए सामूहिक विवाह सम्मेलन में निःशुल्क रूप से अपनी सेवाएं देने की महत्वपूर्ण घोषणा की।













