June 17, 2026 4:31 pm

सियासी दिशासूचक: क्या बीकानेर में विकास का सूरज सिर्फ ‘पूर्व’ में ही उगता है?

शहर में नित रोज एक नई बैनर पोस्टर चस्पा होते है । बैनर बड़े हैं, नारे बुलंद हैं और ‘शहर पूर्व पश्चिम के चक्र में क्षेत्र की बदहाली पर आंसू बहाए जा रहा हैं। बात 20 साल के हिसाब की हो रही है—गंदे पानी, जाम नालियों और टूटी सड़कों पर गहरी चिंता जताई जा रही है। लेकिन इन चमचमाते पोस्टरों की इबारत को देखकर शहर का एक आम नागरिक अपने ही शहर के भूगोल को लेकर थोड़े असमंजस में पड़ गया है।

सवाल यह उठ रहा है कि क्या ‘शहर जिला’ स्तर की कुर्सी और संघर्ष का अधिकार क्षेत्र सिर्फ बीकानेर के एक खास हिस्से पूर्व विधानसभा तक ही सिमट कर रह गया है?

**कुछ सवाल जो सियासत की फिजाओं में तैर रहे हैं:**

* **क्या पश्चिम में ‘सब चंगा सी’?**

पोस्टर होर्डिंग्स आंदोलन की रूपरेखा चीख-चीख कर सिर्फ और सिर्फ “बीकानेर पूर्व” के हक, सम्मान और स्वाभिमान की बात कर रही है। क्या बीकानेर पश्चिम की सड़कें रातों-रात मखमल की बन चुकी हैं या वहां की नालियों में गुलाब जल बहने लगा है?

* **दायरा पूरे शहर का या सिर्फ एक दिशा का?**

जब पद, रुतबा और जिम्मेदारी पूरे ‘शहर जिला’ की है, तो दर्द सिर्फ एक ही दिशा का क्यों उठ रहा है? क्या शहर के बाकी हिस्सों के निवासियों को मूलभूत सुविधाओं की दरकार नहीं है, या फिर उनका दर्द किसी खास चुनावी समीकरण में फिट नहीं बैठता?

* **सियासी दूरबीन का ‘फोकस’:**

ऐसा प्रतीत होता है कि नेतृत्व के चश्मे में सिर्फ ‘पूर्व’ का ही नंबर लगा हुआ है। जन आंदोलन, पोस्टर,होर्डिंग्स और विशाल पैदल मार्च जैसी ऐतिहासिक बातें अगर सच में पूरे शहर के हक़ के लिए होतीं, तो शायद इन पोस्टर होर्डिंग्स सोसल मीडिया की गूंज और भी दूर तक जाती।

सड़कों के गड्ढे, गंदा पानी और बंद स्ट्रीट लाइटें कभी दिशाएं पूछकर आम आदमी को परेशानी नहीं देतीं। लेकिन जब पूरे शहर का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाले पोस्टर होर्डिंग पे अपनी पूरी ऊर्जा सिर्फ ‘पूर्व’ की तरफ मोड़ दे, तो इशारों-इशारों में यह संदेश साफ चला जाता है कि यह संघर्ष आमजन की सुविधाओं के लिए कम, और किसी खास राजनीतिक बिसात को सजाने के लिए ज्यादा किया जा रहा है।

शायद शहर के बाकी हिस्सों को यह मान लेना चाहिए कि उनके हिस्से का विकास तो पहले ही पूरा हो चुका है, या फिर अपनी आवाज़ उठाने के लिए उन्हें किसी नई दिशा वाले नेतृत्व का इंतज़ार करना होगा!

विशेष समीक्षक नारायण जैन

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें