बीकानेर। नगर निगम चुनाव के बीच सोशल मीडिया पर माली समाज से जुड़ा एक पोस्टर तेजी से वायरल हो रहा है। पोस्टर में माली समाज के लिए उपमहापौर पद की मांग को लेकर समाज के लोगों से एकजुट होने की अपील की गई है।
वायरल पोस्टर में दावा किया गया है कि बीकानेर में माली समाज के पर्याप्त वोट होने के बावजूद शीर्ष नेतृत्व में समाज को प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। पोस्टर में कांग्रेस के संदर्भ में कहा गया है कि यदि महापौर पद समाज को नहीं मिलता है तो कम से कम उपमहापौर पद माली समाज को दिया जाना चाहिए।
पोस्टर में गौरीशंकर जी गहलोत का भी उल्लेख करते हुए उन्हें पार्टी और समाज के लिए लंबे समय से कार्य करने वाला कर्मठ कार्यकर्ता बताया गया है तथा उनके लिए सम्मान और प्रतिनिधित्व की बात कही गई है।
पोस्टर के जरिए माली समाज के लोगों से एकजुट होकर अपनी ताकत दिखाने और समाज को एक पद दिलाने की अपील की गई है। हालांकि, यह पोस्टर किस व्यक्ति या संगठन की ओर से जारी किया गया है और इसमें किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि क्या है, यह स्पष्ट नहीं है।
फिलहाल वायरल पोस्टर को लेकर बीकानेर की स्थानीय राजनीति और माली समाज में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। आगामी दिनों में इस मांग को लेकर राजनीतिक दलों और समाज के नेताओं की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है, इस पर नजर रहेगी।













