*राष्ट्रपति द्वारा दी गई जिम्मेदारी, तकनीकी एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अनुभव का मिलेगा लाभ*
बीकानेर, 18 सितंबर। बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय (बीटीयू) के पूर्व कुलगुरु एवं चेयरपर्सन, स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (एसपीए), भोपाल प्रो. (सेनि.) एच.डी. चारण को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (एबीवी-आईआईआईटीएम), ग्वालियर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (बीओजी) के चेयरपर्सन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
बीटीयू के जनसंपर्क अधिकारी श्री विक्रम राठौड़ ने बताया कि इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की निदेशक गरिमा शर्मा द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरपर्सन के रूप में प्रो. चारण संस्थान की नीतिगत दिशा, दीर्घकालिक विकास योजनाओं, शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं संस्थागत सुदृढ़ीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
विदित है कि एबीवी-आईआईआईटीएम, ग्वालियर देश के प्रमुख तकनीकी एवं प्रबंधन शिक्षा संस्थानों में शामिल है। संस्थान सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन के अंतर्विषयक क्षेत्र में उच्च शिक्षा और अनुसंधान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर जाना जाता है।
गौरतलब है कि प्रो. चारण वर्तमान में अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई), नई दिल्ली की मानवीय मूल्यों की राष्ट्रीय समिति के चेयरपर्सन भी हैं। तकनीकी शिक्षा एवं अकादमिक प्रशासन के क्षेत्र में वे लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। सूचना प्रौद्योगिकी, प्रबंधन, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा संस्थागत नेतृत्व के क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव को देखते हुए नई जिम्मेदारी में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहेगा।













