बीकानेर। जिले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए उन पर इनाम घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर देशनोक और जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्रों के गंभीर मामलों में वांछित आरोपियों पर 2500-2500 रुपए का इनाम रखा गया है।
पुलिस के अनुसार देशनोक थाना क्षेत्र में संतोष उर्फ सांवताराम, मोटाराम, पुराराम, रामनारायण और प्रहलाद को वांछित घोषित किया गया है। वहीं जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में त्रिलोकचंद, शिवलाल और विजयपाल पर भी इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि इन आरोपियों के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही इन आरोपियों को पकड़ने की कार्रवाई तेज की जाएगी।













