
कोटा: प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच बेजुबान पक्षियों को राहत पहुंचाने के लिए ‘फोटोग्राफर वेलफेयर एसोसिएशन (राजस्थान)’ ने एक नेक और सराहनीय पहल की है। तपते मौसम में पक्षियों को दाने-पानी के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए संगठन के सभी मुख्यालयों पर पदाधिकारी और सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में दाने-पानी की व्यवस्था करने में पूरी मुस्तैदी से जुट गए हैं।
इसी कड़ी में आज कोटा जिले में संगठन के पदाधिकारियों और वरिष्ठ फोटोग्राफर साथियों ने संगठन अध्यक्ष प्रदीप तिवारी के नेतृत्व में बेजुबानों के लिए जल सेवा का विशेष कार्य किया। टीम ने क्षेत्र के विभिन्न पेड़ों पर 25 पानी के परिंडे बांधे। इस पुनीत कार्य में सबसे खास बात यह रही कि सदस्यों ने केवल परिंडे बांधकर औपचारिकता पूरी नहीं की, बल्कि स्वेच्छा से उनकी नियमित सफाई करने और उनमें रोज स्वच्छ व ठंडा जल भरने की जिम्मेदारी भी आपस में बांट ली। इससे यह सुनिश्चित होगा कि भीषण गर्मी में पक्षियों को नियमित रूप से दाना-पानी उपलब्ध हो सके।
आमजन से की गई खास अपील – ‘जल ही जीवन है’
इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष प्रदीप तिवारी और उपस्थित सदस्यों ने आम जनता से भी एक मार्मिक अपील की। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस क्रूर दौर में हर नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह बेजुबानों के प्रति संवेदनशीलता दिखाए। लोग अपने आसपास, घर की छतों या बालकनी में पानी का एक सकोरा (मिट्टी का बर्तन) और कुछ दाने जरूर रखें। ‘जल ही जीवन है’ के इस कथन को केवल बोलें नहीं, बल्कि सार्थक करते हुए इन बेजुबान पक्षियों की जान बचाने में अपना योगदान दें।













