*समयबद्ध पूर्ण करें कार्य, किसी स्तर पर नहीं हो ढिलाईः जिला कलक्टर*
बीकानेर, 10 अप्रैल। जिला कलक्टर श्री निशांत जैन ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि बजट घोषणाओं को समयबद्ध पूर्ण किया जाए। यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो।
बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने 15 विभागों की 125 से अधिक घोषणाओं की बिंदुवार समीक्षा की और प्रत्येक घोषणा की वर्तमान स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी प्रतिदिन इनकी प्रगति का रिव्यू लें। क्रियान्वयन के लिए माइलस्टोन तय करें तथा इसके अनुसार कार्य करें। घोषणा एक से अधिक विभागों से संबंधित होने पर सभी संबंधित विभागों में समन्वय हो। कहीं भी पत्रावली बेवजह लंबित नहीं रहे। कार्य पूर्ण होने पर सीएमआईएस पोर्टल पर इसे अपडेट करवाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी अपने विभाग के उच्च अधिकारियों से भी समन्वय रखें।
जिला कलक्टर ने सड़क निर्माण और दुरूस्तीकरण तथा नालों से जुड़े कार्य मानसून से पूर्व करने के निर्देश दिए। कार्यों मेें गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के लिए कहा। उन्होंने प्रत्येक वर्ष की बजट घोषणा में भूमि आवंटन के मामलों की समीक्षा की तथा 24 अपै्रल को राजस्व अधिकारियों की बैठक से पूर्व इन सभी मामलों को निस्तारित करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि जिला कलक्टर ने गुरुवार को भी वर्ष 2024-25, 2025-26 और 2026-27 की घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। यह क्रम दूसरे दिन भी जारी रहा।
जिला कलक्टर ने सेंटर आॅफ एक्सीलेंस फोर माइंस की स्थापना, अमृत योजना के तहत स्वीकृत कार्यों की प्रगति, कोटगेट और सांखला फाटक आरयूबी निर्माण प्रगति, कपिल सरोवर के सौंदर्यकरण, आंगनबाड़ी केन्द्रों के सुदृढ़ीकरण, कोठारी अस्पताल से बाबू लाल फाटक नाला निर्माण, विधानसभा स्तरीय जनसुनवाई केन्द्रों के निर्माण सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। इस दौरान प्रशिक्षु आइएएस स्वाति शर्मा, अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) सुरेश कुमार यादव, बीकानेर विकास प्राधिकरण सचिव कुलराज मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।














